20 Marks (Package-2) 8th Hindi (2nd lang.) 2024-25

15.9k Views
37 Min Read

हमने आठवीं कक्षा के लिए अभी लिए 3 पैकज तैयार किये हैं, जो कि कुल 67 अंक के बनते हैं। बाकी के 5 अंक पद्यांश आधारित प्रश्नों के, 3 अंक पंजाबी से हिंदी शब्दों का अनुवाद तथा 5 अंक पद्यांश आधारित प्रश्नों के हैं जिन की तैयारी के लिए चौथा पैकेज तैयार कर रहें  हैं जो जल्दी ही आपको मिल जाएगा । इस प्रकार कुल 80 अंक बन जाते हैं । मैं आशा करता हूँ कि यह सभी पैकेज छात्रों की दोहराई के लिए सहायक सिद्ध होंगे इसके अतिरिक्त कोई सुझाव है तो कृपया इस पोस्ट के अंत में दिए गए कमेंट बॉक्स के माध्यम से दे सकते हैं … दीपक कुमार तनेजा हिंदी अध्यापक ..।

27 Marks (Package-1) 8th Hindi (2nd lang.) 2024-25

20 Marks (Package-2) 8th Hindi (2nd lang.) 2024-25

20 Marks (Package-3) 8th Hindi (2nd lang.) 2024-25

भाग-ख पाठ्य-पुस्तक (25)
प्रश्न -2 पाठ्य-पुस्तक के गद्य भाग में से बारह अति लघूत्तर प्रश्न पूछे जाएँगे, जिनमें से दस प्रश्नों के उत्तर लगभग एक-दो पंक्तियों में लिखने के लिये कहा जाएगा।       8x1=8
(1) महापदम नंद के दरबार में किस देश के दूत आए थे?
उत्तर- रोम देश के दूत आए थे।

(2) रोम के राजदूत मगध सम्राट के लिए क्या लाए थे?
उत्तर- बहुत सारे उपहार और पिंजरे में एक शेर लेकर आए थे।

(3) सम्राट महापदम नन्द के मंत्री का क्या नाम था?
उत्तर- सम्राट महापदम नन्द के मंत्री का नाम शकटार था।

(4) शेर किस धातु का बना हुआ था?
उत्तर- शेर सीसा धातु का बना हुआ था।

(5) शेर को पिंजरे से निकालने वाला किशोर बड़ा होकर किस नाम से प्रसिद्ध हुआ?
उत्तर– चंद्रगुप्त मौर्य के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

(6) पिंजरा किस धातु से बना था?
उत्तर- पिंजरा लोहा धातु से बना था।

(7) गुरुजी ने बच्चों को क्या वचन दिया था?
उत्तर: गुरुजी ने बच्चों को प्रथम आने पर मैट्रो रेल के सुहावने सफर का उपहार देने का वचन दिया था।

(8) कैसे पता चलता है कि यह बच्चे पंजाब से आये हैं?
उत्तर: बच्चों के ट्रैक सूट पर छपे ‘पंजाब’ से।

(9) मैट्रो रेल की पटरी कहाँ-कहाँ बिछाई जाती है?
उत्तर- मैट्रो रेल की पटरी ज़मीन पर, सड़क पर पुल बनाकर तथा ज़मीन के नीचे सुरंग खोदकर बिछाई जाती है।

(10) लिफ्ट का प्रयोग किन लोगों के लिए किया जाता है?
उत्तर- लिफ्ट का प्रयोग वृद्धों,  बीमारों और अपाहिज लोगों के लिए किया जाता है।

(11) स्टेशन पहुँचने पर बच्चे क्या देखकर हैरान हुए?
उत्तर- स्टेशन पहुँचने पर बच्चे स्टेशन की साफ-सफाई व सजावट को देखकर हैरान हुए।

(12) स्वचालित प्रवेश द्वार किस प्रकार कार्य करता है?
उत्तर- एक यात्री के लिए एक टोकन यात्रा के लिए दिया जाता है। इस टोकन को मशीन के पास लाने से स्वचालित प्रवेश द्वार खुल जाता है और यात्री इसमें से निकल जाता है।

(13) स्मार्ट कार्ड का क्या उपयोग है?
उत्तर- स्मार्ट कार्ड को स्वचालित प्रवेश द्वार मशीन के पास लाने से उनकी यात्रा के अनुसार अपने आप ही किराया कट जाता है।

(14) पर्यटन-कार्ड द्वारा कितने दिन तक यात्रा कर सकते हैं?
उत्तर- पर्यटन-कार्ड द्वारा एक से तीन  दिन तक असीमित  यात्रा कर सकते हैं।

(15) गाड़ी की प्रतीक्षा करते समय कौन से रंग की पट्टी से आगे नहीं जाना चाहिए?
उत्तर- गाड़ी की प्रतीक्षा करते समय पीले रंग की पट्टी से आगे नहीं जाना चाहिए।

(16) प्लेटफार्म पर हमें क्या-क्या नहीं करना चाहिए?
उत्तर- प्लेटफॉर्म पर हमें पीली पट्टी को पार नहीं करना चाहिए। प्लेटफार्म पर गंदगी नहीं फैलानी चाहिए।

(17) मैट्रो गाड़ी की खिड़कियाँ क्यों नहीं खुलती?
उत्तर: मैट्रो गाड़ी के पूरी तरह से वातानुकूलित होने की वजह से इसकी खिड़कियाँ नहीं खुलती।

(18) इलेक्ट्रॉनिक सूचना पट्ट पर क्या सूचनाएँ दी जाती हैं?
उत्तर: इलेक्ट्रॉनिक सूचना पट्ट पर लगातार आने वाले स्टेशनों की सूचनाएँ दी जाती हैं।

(19) लेखिका ने आँगन में क्या देखा?
उत्तर– लेखिका ने बैंगन के पौधे के बीच एक घोंसला देखा। उस घोंसले में लाल रंग के छोटे-छोटे चार अंडे थे ।

(20) चिड़िया का रंग-रूप कैसा था?
उत्तर- चिड़िया छोटी-सी चंचल, जैतूनी हरी जिसके नीचे के अंग सफेद, जंग जैसे रंग की शिखा, दुम में दो सुई की तरह नुकीले पर, जो तनकर खड़े रहते थे।

(21) चिड़िया के कितने बच्चे थे?
उत्तर- चिड़िया के चार बच्चे थे।

(22) बच्चे भोजन की माँग किस प्रकार करते थे?
उत्तर- बच्चे अपनी खुली चोंच बार-बार ऊपर की ओर उठाकर भोजन की माँग करते थे।

(23) घोंसला नीचे मिट्टी में कैसे गिर गया?
उत्तर- जिन दो पत्तों के बीच घोंसला बना था, उन में से एक पत्ते के टूट जाने के कारण घोंसला नीचे मिट्टी में गिर गया।

(24) लेखिका ने घोंसले को ऊपर की टहनी पर बाँधने का निश्चय क्यों किया?
उत्तर- लेखिका को डर था कि कहीं बिल्ली हमला न कर दे।

(25) बच्चे अपनी माँ से संपर्क कैसे स्थापित करते थे?
उत्तर- बच्चे घोंसले से मुँह बाहर निकालकर चीं-चीं कर माँ से संपर्क स्थापित करते थे।

(26) तीन बच्चे मुक्त हो गये थे परन्तु चौथा बच्चा क्यों नहीं मुक्त हो पाया?
उत्तर- छोटा होने के कारण चौथा बच्चा मुक्त नहीं हो पाया।

(27) लेखिका चौथे बच्चे के भी उड़ जाने पर उदास क्यों हो गई?
उत्तर- लेखिका को महसूस  हुआ कि उसकी बेटी भी एक चिड़िया के बच्चों जैसी है, जो एक दिन शादी कर इस घोंसले (घर) में से कहीं दूर उड़ (चली) जाएगी ।

(28) नीलू का पूरा नाम क्या था?
उत्तर- नीलू का पूरा नाम अनिल शर्मा था।

(29) बचपन से ही उसकी रुचि फ्लाईंग में क्यों हो गई?
उत्तर- क्योंकि अनिल शर्मा के पिता हरि प्रकाश शर्मा वायु सेना में सार्जेंण्ट थे।

(30) उड़ते हुए वायुयान को देखकर वह मन ही मन क्या सोचता?
उत्तर– अनिल शर्मा सोचता कि एक न एक दिन वह भी विमान उड़ाकर अपने देश का झंडा आसमान में फहरा देगा।




(31) अनिल शर्मा ने पायलट का प्रशिक्षण कहाँ से लिया?
उत्तर- अनिल शर्मा ने पायलट का प्रशिक्षण बिदर से लिया ।

(32) अनिल शर्मा किन-किन क्षेत्रों में देश की सेवा की?
उत्तर– अनिल शर्मा ने नक्सली इलाके, गुजरात के दलदलीय क्षेत्र, बाढ़ वाले क्षेत्र, गणतंत्र दिवस की परेड और पायलट परीक्षण में सेवा की ।

(33) अनिल शर्मा की किस प्रकार के कार्यों में रुचि थी?
उत्तर– अनिल शर्मा की ऐसे कार्यों में रुचि थी जो चुनौतीपूर्ण हों।

(34) 12 नवंबर 2000 को भारतीय तटरक्षक बल ने पश्चिमी सीमा पर क्या देखा?
उत्तर- मछुआरों की किश्तियाँ देखीं जो कि भारतीय सीमा में दाखिल होने को थीं।

(35) पाकिस्तानी मछुआरों ने किसे अपना निशाना बनाया?
उत्तर- पाकिस्तानी मछुआरों ने अनिल शर्मा के हैलीकॉप्टर को मिसाइल से निशाना बनाया।

(36) 26 नवम्बर 2009 को ऐसी ही घुसपैठ कहाँ हुई?
उत्तर- 26 नवम्बर 2009 को ऐसी ही घुसपैठ मुंबई में हुई ।

(37) लड़के और उसकी बहन का क्या नाम था?
उत्तर- लड़के का नाम मनीष और उसकी बहन का नाम सीमा था।

(38) मनीष क्या बेचकर अपना जीवन बसर कर रहा था?
उत्तर- मनीष गुब्बारे बेचकर अपना जीवन बसर कर रहा था।

(39) गुब्बारे बेचने के पीछे मनीष ने अपनी क्या विवशता बतायी?
उत्तर- उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है इसलिए अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए उसे गुब्बारे बेचने पड़ते हैं।

(40) ‘पढ़ोगे’ पूछने पर मनीष क्या उत्तर दिया?
उत्तर- ‘पढ़ोगे’ पूछने पर उसने ‘न’ में सिर हिला दिया।

(41) बच्चों को किस संस्था के अन्तर्गत पढ़ाने के लिए ले जाया गया?
उत्तर- बच्चों को ‘प्रेरणा सहायता सोसाइटी’ के अन्तर्गत पढ़ाने के लिए ले जाया गया।

(42) मनीष और सीमा क्या बनना चाहते थे?
उत्तर- मनीष पुलिस इंस्पैक्टर बनना चाहता था और सीमा अध्यापिका बनना चाहती थी।

(43) जीवन में मुश्किलों से पार कौन लोग जा पाते हैं?
उत्तर- जीवन में मुश्किलों से पार वही जा पाते हैं जो मुश्किलों के आगे घुटने नहीं टेकते, उनका दृढ़ता से सामना करते हैं।

(44) राजा जनक के दरबार में अष्टावक्र को देखकर सभी क्यों हँसने लगे?
उत्तर- अष्टावक्र उनके टेढ़े – मेढ़े शरीर को देखकर हँसने लगे।

(45) राजा जनक तथा दरबारी अष्टावक्र के सामने क्यों नतमस्तक हुए?
उत्तर- राजा जनक तथा उसके दरबारी अष्टावक्र की विद्वता के सामने नतमस्तक हुए।

(46) सूरदास ने किस की आराधना में काव्य रचना की?
उत्तर- सूरदास ने श्री कृष्ण की आराधना में काव्य रचना की।

(47) जायसी के प्रसिद्ध महाकाव्य का नाम लिखें।
उत्तर- जायसी के प्रसिद्ध महाकाव्य का नाम ‘पद्मावत’है।

(48) रामानन्द सागर द्वारा टेलीविज़न पर प्रसारित प्रख्यात धारावाहिक ‘रामायण’ में संगीत मुख्य रूप से किसने दिया?
उत्तर- ‘रामायण’ में संगीत मुख्य रूप से स्वर्गीय रविन्द्र जैन ने दिया।

(49) बिजली के बल्ब का आविष्कार किसने किया?
उत्तर- बिजली के बल्ब का आविष्कार थामस अल्वा एडीसन ने किया ।

(50) ब्रेल लिपि का आविष्कार किसने किया?
उत्तर- ब्रेल लिपि का आविष्कार लुई ब्रेल ने किया ।

(51) महाराजा रणजीत सिंह ने कितनी आयु में लाहौर पर अधिकार कर लिया था?
उत्तर- महाराजा रणजीत सिंह ने उन्नीस वर्ष की आयु में लाहौर पर अधिकार कर लिया था।

(52) बाबा आम्टे को भारत सरकार ने समाज सेवा के लिए पद्मश्री तथा पद्मभूषण का सम्मान कब दिया?
उत्तर- बाबा आम्टे को 1971 में पद्मश्री तथा 1986 में पद्मभूषण सम्मान दिया।

(53) अमीना हामिद को मेले में क्यों नहीं भेजना चाहती?
उत्तर: अमीना सोच रही थी कि चार-पाँच वर्ष का दुबला-पतला नन्हा बालक तीस कोस कैसे चलेगा।

(54) नमाज़ खत्म होने पर लोग क्या करते हैं?
उत्तर: नमाज़ खत्म होने पर लोग आपस में गले मिलते हैं।

(55) हामिद हिण्डोले में क्यों नहीं चढ़ता?
उतर: हामिद के पास तीन पैसे थे। वह उन्हें हिंडोले में चढ़कर बेकार खर्च नहीं करना चाहता था।

(56) साइंस सिटी का पूरा नाम क्या है?  यह किसके नाम पर रखा गया है?
उत्तरः साइंस सिटी का पूरा नाम ‘पुष्पा गुजराल साइंस सिटी’ है। यह पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल जी की पूज्य माता जी के नाम पर रखा गया है।

(57) इसका उद्घाटन कब हुआ और किसने किया?
उत्तरः इसका उद्घाटन 19 मार्च, 2005 को हआ। इसे माननीय राज्यपाल एस. एफ. रोडरिज ने किया।

(58) दिल के मॉडल में क्या दिखाया गया है?
उत्तरः दिल के मॉडल में रक्त संचार प्रणाली दिखाई गई है ।

(59) डायनासोर पार्क में कितनी तरह के डायनासोर हैं?
उत्तरः डायनासोर पार्क में 26 तरह के डायनासोर हैं।

(60) वोल्केनो आकृति की क्या विशेषता है?
उत्तरः इस आकृति में चार हिलते-जुलते,  मुँह फैलाते, आवाज़ें निकालते डायनासोर दिखाई देते हैं।

(61) डोम थियेटर की क्या विशेषता है?
उत्तरः इसका फ्रेम आम थियेटर से दस गुणा बड़ा है। इसमें बड़ी पिक्चर आती है। इसकी आवाज़ बहुत साफ़ है।

(62) फ्लाइट सिमुलेटर में क्या दिखाया गयाहै?
उत्तरः इसमें वीडियो के माध्यम से स्क्रीन पर हवाई उड़ान दिखाई जाती है।

(63) विजयंत टैंक और एयर क्राफ्ट मिग 23 कहाँ पर हैं?
उत्तरः ये दोनों साइंस सिटी की डिफैंस गैलरी में है।

(64) सहयोग का क्या अर्थ है?
उत्तर- सहयोग का अर्थ है किसी कार्य में एक-दूसरे का साथ देना।

(65) लंगड़े ने अंधे को क्या उपाय बताया?
उत्तर- लंगड़े ने अंधे को बताया कि तुम मुझे अपने कंधे पर बिठा लो। मैं तुम्हें रास्ता बताऊँगा।




(66) कपोतराज चित्रग्रीव ने कबूतरों को क्या सलाह दी?
उत्तर- उसने कबूतरों को साहस करके एक साथ मिलकर उड़ने की सलाह दी ।

(67) हमें पड़ोसियों से कैसा व्यवहार करना चाहिए?
उत्तर- हमें पड़ोसियों से सहयोग और मेलजोल बढ़ाना चाहिए और उनसे अच्छा व्यवहार करना चाहिए।

(68) हमें अपने सहपाठियों से कैसा व्यवहार करना चाहिए?
उत्तर: हमें अपने सहपाठियों से अच्छा व्यवहार करना चाहिए और उनसे भेदभाव और झगड़ा नहीं करना चाहिए।

(69) वाघा बार्डर को किस नाम से जाना जाता है ?
उत्तर- वाघा बार्डर को ‘एशिया की बर्लिन दीवार’ के नाम से जाना जाता है।

(70) वाघा बार्डर किन दो देशों के मध्य स्थित है ?
उत्तर- वाघा बार्डर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के मध्य स्थित है।

(71) वाघा बार्डर के दोनों ओर कौन-कौन से प्रसिद्ध नगर हैं?
उत्तर- एक ओर लाहौर तथा दूसरी ओर अमृतसर नामक प्रसिद्ध नगर हैं।

(72) वाघा बार्डर का विशेष आकर्षण क्या है?
उत्तर- यहाँ पर हर रोज़ शाम की होने वाली ‘रिट्रीट’ की रस्म, जिसे देखने के लिए दोनों देशों के बहुत सारे पर्यटक देखने आते हैं।

(73) बी. एस. एफ. के जवान कौन-कौन से नारे लगाते हैं ?
उत्तर- वाघा बार्डर पर तैनात बी. एस. एफ. के जवानों द्वारा तीन तरह के नारे लगाने की इज़ाज़त होती है – (i) हिन्दुस्तान जिन्दाबाद (ii) भारत माता की जय (iii) वन्देमातरम्

(74) हवा की घटक गैसें कौन-कौन सी हैं ?
उत्तर- हवा की घटक गैसें मुख्यत: ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, हाइड्रोजन, कार्बन- डाइ-ऑक्साइड तथा ओज़ोन आदि मानी जाती हैं।

(75) पृथ्वी पर जीवन का मूल आधार क्या है ?
उत्तर- पृथ्वी पर जीवन का मूल आधार वस्तुत: हवा के मुख्य घटक ऑक्सीजन को ही माना जाता है।

(76) पानी की घटक कौन-कौन सी गैसें हैं ?
उत्तर- पानी की घटक गैसें मुख्यतः ऑक्सीजन तथा हाइड्रोजन ही हैं।

(77) इस एकांकी में काले-कलूटे राक्षस किसे कहा गया है ?
उत्तर- इस एकांकी में स्कूटर, बसे, ट्रैक्टर, कारखानों आदि से निकलने वाले प्रदूषित धुँए को ही राक्षस कहा गया है।

(78) वायु प्रदूषण से कौन-कौन से रोग हो रहे हैं ?
उत्तर- वायु-प्रदूषण से मनुष्य को साँस से संबंधित रोग, फेफड़ों के रोग तथा त्वचा संबंधी रोग हो रहे हैं।

(79) वह कौन-सी गैस है जो कार्बन-डाइ-ऑक्साइड से अधिक मानव जाति का नुकसान कर रही है?
उत्तर- कार्बन-मोनो-ऑक्साइड।

(80) ओज़ोन की सुरक्षा परत किस गैस के कारण टूटती-फूटती जा रही है?
उत्तर- रेफ्रिजरेटरों और एयर कंडीशनरों में में काम आने वाली एक रासायनिक गैस के कारण।

(81) धरती का तापमान किस गैस के कारण बढ़ रहा है?
उत्तर- कार्बन- डाइ-ऑक्साइड की मात्रा बढ़ने के कारण धरती का तापमान बढ़ रहा है।

(82) कार्बन-डाइ-ऑक्साइड गैस ने अपनी सेहत सुधारने का क्या उपाय बताया?
उत्तर- कार्बन- डाइ-ऑक्साइड गैस ने बताया है कि लोग अधिक से अधिक पेड़ लगाएँ ।

(83) सपने कैसे पूरे होते हैं?
उत्तर- सपने अनथक परिश्रम, दृढ़ निश्चय, आत्मविश्वास तथा एकाग्रता से पूरे होते हैं।

(84) बचपन से ही कल्पना चावला का क्या सपना था?
उत्तर- कल्पना चावला आसमान की सैर करने का सपना देखा करती थी।

(85) कल्पना चावला का जन्म कब और कहाँ हुआ?
उत्तर- कल्पना चावला का जन्म 1 जुलाई 1961 में हरियाणा राज्य के करनाल शहर में एक मध्यवर्गीय परिवार में हुआ।

(86) कल्पना का विवाह कब और किससे हुआ
उत्तर- कल्पना का विवाह सन् 1983 में जीन पियरे हैरिसन नाम के अमेरिकी के साथ हुआ था।

(87) कल्पना की प्रारम्भिक शिक्षा कहाँ पूरी हुई?
उत्तर- कल्पना की प्रारम्भिक शिक्षा उसके घर के पास स्थित टैगोर बाल निकेतन स्कूल में हुई थी तथा बाद में इसकी इंजनियरिंग की शिक्षा चण्डीगढ़ में हुई ।

(88) भगत सिंह स्कूल से कहाँ चले गये थे?
उत्तर- भगत सिंह स्कूल से जलियाँवाले बाग़ की पवित्र धरती को प्रणाम करने गये थे।

(89) जलियाँवाले बाग़ की मिट्टी हाथ में लेकर उन्होंने क्या सौगंध खायी?
उत्तर- अंग्रेज़ों को भारत से भगाकर भारत माँ को आज़ाद करवाने की सौगंध खायी।

(91) भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के प्रिय नारे कौन-कौन से थे?
उत्तर- भारत माता की जय, इन्कलाब जिन्दाबाद, साम्राज्यवाद का नाश हो।

(92) विधानसभा में बम फेंकने की ज़िम्मेदारी किसे सौंपी गई?
उत्तर- बम फेंकने की ज़िम्मेदारी भगत सिंह एवं बटुकेश्वर दत्त को सौंपी गई।




प्रश्न-3 पाठ्य पुस्तक में से पाँच निबंधात्मक प्रश्न पूछे जाएँगे, जिनमें से तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग चार-पाँच पंक्तियों में लिखने के लिये कहा जाएगा। 3×4=12
(1) रोम के राजदूत ने पिंजरे के शेर को बाहर निकालने की क्या शर्ते बतायीं?
उत्तर- रोम के राजदूत ने पिंजरे के शेर को बाहर निकालने के लिए यह शर्ते बतायीं कि न तो पिंजरा खोलना है और न ही इसे काटना है। इसे खोले या तोड़े बगैर ही शेर को पिंजरे से बाहर निकालना है।

(2) पिंजरे के चारों और आग लगती देख सभा में सन्नाटा क्यों छा गया?
उत्तर- सभा में सन्नाटा इसलिए छा गया क्योंकि सभी लोग जानना चाहते थे, कि यह किशोर पिंजरे के चारों ओर आग लगाने से शेर कैसे पिंजरे से बाहर निकालेगा? यदि यह किशोर शेर को पिंजरे से बाहर न निकाल पाया तो इसे मृत्यु-दंड दे दिया जाएगा।

(3) चंद्रगुप्त ने पिंजरे के शेर को कैसे बाहर निकाला?
उत्तर- चंद्रगुप्त ने पिंजरे के शेर को पहले पानी में डुबोने के लिए कहा। फिर उसने नौकरों से कहकर पिंजरे के चारों तरफ आग लगवा दी। आग लगने से सीसा धातु से बनी शेर की मूर्ति पिघलकर पिंजरे से बाहर आ गई।

(4) मैट्रो स्टेशन आम स्टेशन से किस प्रकार भिन्न है?
उत्तर- आम स्टेशन प्रायः ज़मीन पर ही होते हैं, लेकिन मैट्रो स्टेशन परिस्थिति और सुविधा के अनुसार ज़मीन पर, ज़मीन के ऊपर तथा ज़मीन के नीचे बना होता है। मैट्रो स्टेशन पर संगमरमर का फर्श और अत्याधुनिक बिजली के उपकरण लगे होते हैं जो आम स्टेशनों पर नहीं मिलते।

(5) मैट्रो  रेल के स्वचालित द्वार से जाने और निकलने में किन किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
उत्तर- मैट्रो रेल के स्वचालित द्वार से जाने और निकलने में निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना चाहिए-
(क) द्वार खुलते ही तुरंत गाड़ी में चढ़ जाना चाहिए।
(ख) द्वार खुलते ही तुरंत गाड़ी से निकल जाना चाहिए।
(ग) द्वार के बंद होने की स्थिति में न चढ़ना चाहिए और न ही उतरना चाहिए।

(6) भूमिगत प्लेटफार्म से आप क्या समझते हैं?
उत्तर- भूमिगत प्लेटफार्म भूमि के अंदर सुरंग खोदकर बनाया जाता है। भूमि के अंदर ही पटरी बनाई जाती है, जिस पर मैट्रो  रेलें चलती हैं। भूमिगत प्लेटफार्म में वे सारी सुविधाएँ उपलब्ध होती हैं जो सामान्य प्लेटफार्म पर उपलब्ध होती हैं।

(7) किन-किन घटनाओं से पता चलता है कि अनिल शर्मा असाधारण प्रतिभा के स्वामी थे?
उत्तर- जब अनिल शर्मा की बड़ी बहन को स्कूल में दाखिल करवाया गया तो अनिल शर्मा ने भी स्कूल जाने की ज़िद्द पकड़ ली। चार साल की आयु में अनिल शर्मा स्कूल में दाखिल हो गये। वे मेघावी छात्र थे। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में ही मैट्रिक की परीक्षा पास की। वे जितने अंकों का अनुमान लगाते थे, उनके हमेशा उतने ही अंक आते थे। 1987 सी.डी.एस. की परीक्षा में चंडीगढ़ से सफल होने वाले वे अकेले युवक थे। इन बातों से पता चलता है कि अनिल शर्मा असाधारण प्रतिभा के स्वामी थे।

(8) किस घटना से पता चलता है कि उनमें पूरा आत्मविश्वास था?
उत्तर- अनिल शर्मा के बी.एस.सी. की परीक्षा में,गणित में से 100 में से 71अंक आए। अनिल शर्मा ने अपनी माँ को बताया कि उनका अनुमान था कि इस बार 91अंक होने चाहिए थे। जब दोबारा मूल्यांकन करवाया गया तो उनके अंक 91ही निकले। इस घटना से पता चलता है कि अनिल शर्मा में पूरा आत्मविश्वास था।

(9) लेखिका ने बच्चों को पढ़ाई का क्या महत्व समझाया?
उत्तर- लेखिका ने बच्चों को पढ़ाई का महत्व समझाते हुए कहा कि अगर नहीं पढ़ोगे तो उनका बचपन, जवानी, बुढ़ापे का सारा समय इसी तरह निकल जाएगा । नौकरी, एक घर, अच्छे कपड़े,  यह केवल पढ़-लिखकर ही संभव हो सकता है। किस्मत बनाना अपने हाथ में होता है और सपने देखोगे नहीं तो साकार कैसे होंगे?

(10) मनीष का चरित्र चित्रण करें।
उत्तर- मनीष की आयु सात-आठ वर्ष है। वह एक मेहनती और स्वाभिमानी लड़का है। अपने पिता के न रहने पर वह अपने परिवार का पालन-पोषण गुब्बारे बेचकर कर रहा है। वह अपनी माता और अपनी बहन के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को अच्छे से समझता है। बड़ा होकर वह इंस्पैक्टर बनना चाहता है।

(11) राजा जनक के दरबार में अष्टावक्र को देखकर जब सभी हँसने लगे तो अष्टावक्र ने क्या कहा?
उत्तर- अष्टावक्र ने कहा,” गन्ने के टेढ़े-मेढ़े होने से उसकी मिठास में कमी नहीं आती। फूल की पंखुड़ी के टेढ़े होने से उसकी खुशबू खत्म नहीं हो जाती और नदी की धारा के टेढ़े होने से उसका जल दूषित नहीं हो जाता।

(12) शेरशाह क्यों लज्जित हुआ और उसने जायसी को क्यों सम्मान दिया?
उत्तर- जायसी एक आँख और एक कान से रहित थे। एक बार जब शेरशाह ने उसका उपहास उड़ाया तो उन्होंने कहा, “मोहि का हँससि के कोहरहिं ?” अर्थात तुम मुझ पर हँसे हो अथवा उस कुम्हार (ईश्वर, जिसने मुझे बनाया है) पर ? यह सुनकर शेरशाह बहुत लज्जित हुआ और उसने उन्हें बहुत सम्मान दिया।

(13) थामस एडीसन के ध्वनि संबंधी आविष्कारों से लोग क्यों आश्चर्यचकित हो जाते थे?
उत्तर- थामस एडीसन सुनने की लगभग शक्ति खो चुके थे। उनके ध्वनि से संबंधित आविष्कार देखकर लोग आश्चर्यचकित होते थे कि जो व्यक्ति पूरी तरह स्वयं सुन नहीं सकता। वह किस प्रकार ध्वनि के हर पहलू को भली-भाँति समझ लेता है।

(14) लुई ब्रेल द्वारा नेत्रहीनों के पढ़ने के लिए बनाई लिपि की क्या विशेषता है?
उत्तर- लुई ब्रेल ने नेत्रहीनों के लिए एक ऐसी लिपि का आविष्कार किया जिससे नेत्रहीन पढ़ने में समर्थ हो सके। यह लिपि कागज़ पर उभरे चिह्न होते हैं जिन्हें स्पर्श कर वे पढ़ते हैं।

(15) बाबा आम्टे का समाज सेवा में क्या योगदान रहा?
उत्तर- बाबा आम्टे ने अपनी सारी उम्र कुष्ठ रोगियों की सेवा में बिता दी। वडोरा के निकट आनंदवन आश्रम में इन्हीं की प्रेरणा व अथक प्रयासों से अनेक कुष्ठ रोगी भीख माँगना छोड़ श्रम करके पसीने की कमाई करने में समर्थ हुए।

(16) भारतीय स्पिनर चंद्रशेखर का क्रिकेट में क्या योगदान रहा?
उत्तर- चंद्रशेखर अपने पोलियोग्रस्त हाथ से बड़ी अच्छी गेंदबाजी करते। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से 58 टेस्ट मैच खेले और 7199 रन देकर 242 विकेट लिये। भारत सरकार द्वारा उन्हें अर्जुन पुरस्कार से नवाज़ा जा चुका है।

(17) हामिद का चिमटा रुस्तमे हिन्द कैसे है?
उत्तर: हामिद का चिमटा रुस्तमे हिन्द इसलिए है क्योंकि वह बड़ा बहादुर है। उसमें आग में कूदने की शक्ति है। आग मैं बहादुर ही कूद सकते हैं। उसके साथियों के मिट्टी के बने वकील, भिश्ती और सिपाही बहादुरी का काम नहीं कर सकते। चिमटा अपने साथियों के खिलौनों को तोड़ भी सकता है। अत: वह रुस्तमे हिन्द है।

(18) हामिद ने अपनी दादी के लिए चिमटा क्यों खरीदा?
उत्तर: हामिदनें अपनी दादी के लिए चिमटा इसलिए खरीदा क्योंकि रोटी पकाते समय उसकी बूढ़ी दादी के हाथ जल जाते थे। घर में चिमटा नहीं था। हामिद ने सोचा कि चिमटे को पाकर दादी प्रसन्न हो जाएगी और दुआएँ देगी। उसकी उंगलियों न जलेंगी। घर में एक काम की चीज़ भी हो जाएगी।

(19) हामिद के हाथ में चिमटा देखकर अमीना क्रोध में क्यों आई?
उत्तर: हामिद के हाथों में चिमटा देखकर अमीना क्रोध में इसलिए आई कि उसने तो हामिद को कुछ खाने-पीने के लिए तथा खिलौने आदि खरीदने के लिए लिए पैसे दिए थे। लेकिन हामिद चिमटा खरीद लाया है। इस पर अमीना को क्रोध आ गया। उसे क्या पता था कि उसी के सुख के लिए वह चिमटा लाया है।

(20) ईदगाह में नमाज़ के दृश्य का वर्णन करें।
उत्तर: ईदगाह में नमाज़ का दृश्य बहुत प्रभावशाली था। ज़मीन पर जाज़िम बिछा हुआ था। रोज़े रखने वालों की कई पंक्तियाँ लगी थीं। यहाँ सब लोग बराबर थे। अमीर-ग़रीब का कोई फर्क नहीं था। लाखों लोग सिजदे में एक साथ सिर झुकाते, फिर इकट्ठे ही खड़े हो जाते। एक साथ झुकते और एक साथ घुटनों के बल बैठ जाते। कई बार यही काम करते।

(21) साइंस सिटी में आपको जो देखने में सबसे अच्छा लगा, उसके बारे में लिखें।
उत्तरः साइंस सिटी में सबसे अच्छा डायनासोर पार्क लगा। इसमें सब तरह के अलग-अलग डायनासोर हैं। ये 45 अलग-अलग मॉडलों में दिखाए गए हैं। 35 फुट ऊँची विचित्र आकृति में चार हिलते-जुलते, मुँह फैलाते तथा आवाज़ें निकालते डायनासोर दिखाई देते हैं।

(22) साइंस सिटी में ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन भी होता है, स्पष्ट करें ?
उत्तरः यह बात सच है कि साइंस सिटी में ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन भी होता है।यहाँ विज्ञान के मुश्किल विषयों को बड़े ही सरल व खेल विधि के माध्यम से दिखाया गया है। साथ ही डायनासोर पार्क, डिफैंस गैलरी तथा दिखाए जाने वाले चार शो के साथ हमारा ज्ञान भी बढ़ता है और मनोरंजन भी होता है।

(23) सहयोग के दो उदाहरण लिखें।
उत्तर- इस पाठ में सहयोग के दो उदाहरण दिये गये हैं। एक गाँव में बाढ़ आ जाने पर एक अन्धा व्यक्ति एक लंगड़े व्यक्ति को अपनी पीठ पर बिठाकर आपसी सहयोग से सुरक्षित स्थान पर पहुँच गये। इसी प्रकार शिकारी के जाल में फंसे कबूतर परस्पर सहयोग से ही जाल को ले उड़े और मरने से बच गए।

(24) सहयोग से दोनों पक्षों को लाभ होता है। क्या आप इससे सहमत हैं? अपने विचार लिखें।
उत्तर- हाँ, हम इस बात से सहमत हैं। आपसी सहयोग से हम अपनी कमियों को दूर कर सकते हैं। आपसी सहयोग से हमारे कठिन काम भी सरल बन जाते हैं। परस्पर सहयोग से वस्तुत: दोनों पक्षों को लाभ होता है। जैसे स्कूल में अगर दो सहपाठी साथ-साथ बैठकर पढ़ाई करने में एक दूसरे को सहयोग देते हैं तो इससे दोनों का ही भला होता है।

(25) वाघा बॉर्डर पर झंडा उतारने की रस्म कैसे संपन्न होती है?
उत्तर: बॉर्डर पर झंडा उतारने की रस्म प्रायः शाम 5:30 बजे शुरू होती है और लगभग आधे पौने घंटे में संपन्न होती है। देशभक्ति के गीत ऊँची आवाज में लगाए जाते हैं। बी•एस•एफ• के जवान पूरे उत्साह और जोश से परेड करते हैं। दर्शक तालियों से उनका उत्साह बढ़ाते हैं। झंडा उतारते समय लोहे के दोनों गेट खोल दिए जाते हैं। दोनों देशों के सैनिक एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं। अपने-अपने देश के झंडे को उतारकर संभाल लेते हैं और गेटों को फिर से बंद कर दिया जाता है।




(26) ऑक्सीजन गैस को जीवन का मूल आधार क्यों कहा जाता है?<script async
उत्तर- क्योंकि ऑक्सीजन, हाइड्रोजन के साथ मिल कर पृथ्वी पर पानी को उपलब्ध करवाती है। दुनिया के आधे से अधिक भाग में पानी है और अगर पानी न हो तो धरती पर जीवन की संभावना भी खत्म हो सकती है। इसी तरह से साँस लेने के लिए भी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है।

(27) ज़हरीली गैसों के स्त्रोत कौन-कौन से हैं?
उत्तर- ज़हरीली गैसों के मुख्य स्रोत अधिकतर वाहन जैसे कि बस, ट्रक, कार, ट्रैक्टर आदि, खाना बनाने के लिए जलाई जाने वाली लकड़ी के कारण, सिगरेट- बीड़ियों का धुआँ, फैक्टरियों-कारखानों से निकलने वाला धुआँ।

(28) पेड़ किस प्रकार वायुमंडल को शुद्ध करते हैं?
उत्तर- पेड़ वायुमंडल को शुद्ध करने में विशेष सहायक सिद्ध होते हैं क्योंकि पेड़ कार्बन-डाई-ऑक्साइड को प्रकाश संश्लेषण वाली भोजन बनाने की क्रिया से सोख लेते हैं और वायुमंडल में ऑक्सीजन बढ़ाते हैं। अत: वायुमंडल को शुद्ध रखने के लिए ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने तथा उसे शुद्ध रखने के लिए सर्वत्र अधिक पेड़ लगाने की ज़रूरत होती है।

(29) लेखक ने इस बैठक के माध्यम से क्या संदेश दिया है? ‘मेरा दम घुटता है’ पाठ के अनुसार उत्तर दें।
उत्तर- लेखक ने गैसों की बैठक के माध्यम से यही सन्देश दिया है कि हमें अपने वायुमंडल को सभी रसायनों से बचा कर रखना चाहिए। ऑक्सीजन ही जीवन का मूल आधार है। ऑक्सीजन के साथ मिलकर हाइड्रोजन ही मनुष्य को जीवनदायी तत्त्व वायु और जल प्रदान करते हैं। शुद्ध वायु के लिए और प्रदूषण को रोकने के लिए मानव को अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए ताकि हमारा वायुमंडल शुद्ध और स्वच्छ रह सके।

(30) कल्पना चावला का सपना कब और कैसे पूरा हुआ?
उत्तर- कल्पना चावला बचपन से ही आसमान की सैर करने का सपना देखा करती थी। अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिये वह अमेरिका चली गई। वहाँ उसने अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ अन्तरिक्ष यात्रा का तकनीकी प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। फिर 19 नवम्बर 1997 को कल्पना ने अपने दल के साथ एस. टी. एस. 87 अन्तरिक्ष यान द्वारा पहली उड़ान भर कर अपना सपना पूरा किया।

(31) कल्पना चावला के जीवन से आप क्या प्रेरणा लेते हैं?
उत्तर- कल्पना चावला के जीवन से हमें यही प्रेरणा मिलती है कि मनुष्य अपने जीवन में आत्मविश्वास, परिश्रम एवं निष्ठा से कुछ भी प्राप्त कर सकता है। भले ही कल्पना चावला इस संसार में नहीं रहीं पर वह संसार के सभी युवाओं के लिए नि:सन्देह प्रेरणा स्रोत बनकर अमर हो गई है।

(32) ‘सरफ़रोशी की तमन्ना’ पाठ में क्रान्तिकारियों ने साइमन कमीशन का विरोध किस प्रकार किया?
उत्तर- लाला लाजपत राय के नेतृत्व में साइमन कमीशन का विरोध किया गया। शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद आदि सभी क्रान्तिकारी लाल जी के समर्थन में आ गए। सभी ने मिलकर साइमन कमीशन को वापिस जाने के नारे लगाकर शांतिपूर्ण विरोध किया।

(33) लाला जी की मृत्यु का बदला क्रान्तिकारियों ने कैसे लिया?
उत्तर- लाला जी का मृत्यु का बदला लेने के लिए आज़ाद ने एक योजना बनाई। वे एक गुप्त स्थान पर लाहौर माल रोड़ पर इकट्ठे हुए। उन्होंने जय गोपाल के इशारे पर सांडर्स को गोलियों से भून दिया।

(34) विधानसभा में बम विस्फोट का क्या परिणाम निकला?
उत्तर-विधानसभा में बम विस्फोट के बाद भगत सिंह तथा बटुकेश्वर दत्त पकड़े गए। अंग्रेज़ों ने क्रान्तिकारियों को पकड़ने का दमन चक्र तेज़ कर दिया। राजगुरु, सुखदेव, असंख्य युवक जेलों में बंद कर दिए गए। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी की सज़ा सुनाई गई तथा बटुकेश्वर दत्त को काला पानी की सज़ा दी गई।

तैयार कर्ता- दीपक कुमार ‘दीपक’, हिंदी अध्यापक, सरकारी मिडिल स्कूल, मानवाला, बठिंडा
संशोधन- डॉ.राजन,  हिंदी मास्टर स.मि. स्कूल लोहारका कलां, अमृतसर
संशोधन- डॉ.सुमन सचदेवा, हिंदी अध्यापिका, स.ह. स्कूल (लड़के) मंडी हरजीराम, मलोट
सहयोग- कुलदीप सिंह हिंदी मास्टर, स.स.स.स. माहीनंगल, बठिंडा
रजनी गोयल,  हिंदी अध्यापिका, स (क).स.स. स्कूल,  रामां बठिंडा

Share This Article